← Vande Bharat News

National

दिल्ली के विवेक विहार में भीषण आग: चार मंजिला इमारत में 9 की मौत, कई लोग घायल

By Vande Bharat News · 3 May 2026
दिल्ली के विवेक विहार में भीषण आग: चार मंजिला इमारत में 9 की मौत, कई लोग घायल

तड़के लगी आग पर 12 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू, एसी ब्लास्ट या शॉर्ट सर्किट की आशंका

नई दिल्ली के विवेक विहार इलाके में तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में झुलसे दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार सुबह करीब 3:48 बजे पीसीआर कॉल के जरिए आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। इमारत की ऊपरी मंजिलों में आग तेजी से फैल चुकी थी। करीब 12 दमकल गाड़ियों की मदद से कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

राहत अभियान के दौरान अलग-अलग मंजिलों से शव बरामद किए गए—पहली मंजिल से एक, दूसरी से पांच और मुमटी से तीन शव मिले। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग धुएं और आग से बचने के लिए ऊपर भागे, लेकिन बाहर नहीं निकल सके।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी विस्फोट या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और इमारत की फायर सेफ्टी व्यवस्था की भी जांच की जा रही है। घायलों का इलाज गुरु तेग बहादुर अस्पताल में चल रहा है।


Read full article on Vande Bharat News →